उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में दहशत फैलाने की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। उलीडीह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को अवैध हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उलीडीह निवासी विश्वजीत सिंह उर्फ रॉकी (33) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि देर रात उलीडीह ओपी क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास एक युवक के हथियार के साथ घूमने की सूचना मिली थी। सूचना यह भी थी कि वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह हथियार बिहार के बक्सर से करीब 30 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस के अनुसार आरोपी हथियार के बल पर इलाके में अपना वर्चस्व कायम करना चाहता था। साथ ही कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और लोगों के बीच भय का माहौल बनाने की योजना थी।
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में एमजीएम थाना में दो मामले दर्ज हैं। उलीडीह थाना में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार सप्लाई नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि समय पर हुई कार्रवाई से शहर में एक बड़ी वारदात टल गई।


