उदित वाणी, गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र अंतर्गत परती गांव में मंगलवार को एक बंद घर से 17 वर्षीय किशोरी का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है.
मृतका की पहचान आकृति कुमारी के रूप में हुई है. वह गांव निवासी निर्मल सिंह चेरो की पुत्री बताई जा रही है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से घर में ताला बंद था. मंगलवार को घर के भीतर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद ग्रामीणों को संदेह हुआ. लोगों ने इसकी सूचना केतार थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बंद घर का दरवाजा खुलवाया. अंदर का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए. कमरे में किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थिति में पड़ा मिला.
शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई. ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका का पिता निर्मल सिंह चेरो दो-तीन दिन पहले ही घर आया था और उसके बाद वह रहस्यमय तरीके से घर में ताला बंद कर कहीं फरार हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि पिता ने ही अपनी बेटी की हत्या की है और साक्ष्य छुपाने के इरादे से शव को घर में लॉक कर फरार हो गया.
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे परती गांव में दहशत का माहौल है और आरोपी पिता के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.


