उदित वाणी, जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के एदेलबेड़ा गांव निवासी 59 वर्षीय टुसू गोराई की सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। मृतका के पुत्र गणेश गोराई ने बताया कि उनकी मां को सांस लेने में तकलीफ होने पर शनिवार को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें अस्पताल के चौथे तल्ले पर रखा गया था। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को मरीज की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन समय पर उचित इलाज नहीं मिला। उनका कहना है कि शरीर ठंडा पड़ने के बाद डॉक्टरों से आग्रह करने पर दो इंजेक्शन लगाए गए। करीब दो घंटे बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, टुसू गोराई पित्ताशय के कैंसर से पीड़ित थीं और लगभग 15 दिन पूर्व ही बीमारी की जानकारी मिली थी।
घटना के बाद अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामे की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में 10 से अधिक होमगार्ड जवानों के करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई। हंगामे के दौरान आसपास के वार्डों में भर्ती मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है। डॉक्टरों का कहना है कि भर्ती के समय ही परिजनों को स्पष्ट रूप से बता दिया गया था कि मरीज कैंसर से पीड़ित हैं और उनकी स्थिति गंभीर है।


