उदित वाणी, आदित्यपुर: अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर गांधी कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में एक गरिमामयी ‘दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग (सत्र 2025–29), जीएनएम (2025–28) और एएनएम (2025–27) के नए छात्र-छात्राओं ने औपचारिक रूप से मानवता की सेवा की शपथ ली।
नर्सिंग चिकित्सा व्यवस्था का आधार: डॉ. कृष्ण प्यारे
समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. कृष्ण प्यारे (प्राचार्य, को-ऑपरेटिव कॉलेज) ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक समर्पित नर्स ही पूरी चिकित्सा व्यवस्था की रीढ़ होती है।
नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू: संतोष कुमार गुप्ता
संस्थान के निदेशक संतोष कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्थान की वैश्विक प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने घोषणा की कि सत्र 2026 के लिए बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, बीफार्मा और डीफार्मा में नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। निदेशक ने बताया कि समय पर प्रवेश लेने वाले छात्रों को विशेष छूट का लाभ भी दिया जाएगा।
अनुशासन और करुणा के साथ सेवा का संकल्प
संस्थान की अध्यक्षा लक्ष्मी गुप्ता, प्रशासनिक प्रमुख डॉ. रंजन कृष्ण बोस और प्रधानाचार्य डॉ. किरण प्रवीण पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन को ज्ञान और करुणा का प्रतीक बताया गया। छात्रों को अनुशासन और धैर्य के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
समारोह के दौरान छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नयामी सोरेन, रोजलिन सुरिन, अंकिता मिंज, आयशा केरकेट्टा, एन सुमालिया देवी, अनुजा कुमारी, निकिता दास, संगीता जे एक्का, साथी महता, निवेदिता महता और बबीता साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


