उदित वानी सरायकेला: आगामी भारत की जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने डिजिटल कदम बढ़ा दिए हैं. मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अपने आवासीय कार्यालय से निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं की स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया पूरी की. इसके साथ ही उन्होंने जिले के तमाम नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया.
सटीक आंकड़े तय करेंगे विकास की रूपरेखा
पंजीकरण के बाद उपायुक्त ने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया के माध्यम से नागरिक अपने परिवार की सही और अद्यतन जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं. इससे जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक, विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनेंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि ये सटीक आंकड़े भविष्य में विद्यालय, अस्पताल, सड़क और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
“हमने अपनी जिम्मेदारी निभाई, अब आपकी बारी है”
उपायुक्त ने जिलेवासियों को प्रोत्साहित करते हुए एक विशेष संदेश दिया— “हमने अपनी जिम्मेदारी निभाई, अब आपकी बारी है.” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें और इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें.
पारदर्शिता के लिए होगा भौतिक सत्यापन
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने के बाद गणनाकर्मी द्वारा सत्यापन (Verification) की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. इससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सकेगी. आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं.


