उदित वाणी, जमशेदपुर: बच्चों में शिक्षा की अलख जगाने के उद्देश्य से ‘डीएवी सेंटर ऑफ एकेडमिक एक्सीलेंस, नई दिल्ली’ के तत्वावधान में झारखंड एल जोन, जमशेदपुर संभाग के अंतर्गत तीन दिवसीय ‘कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम’ जारी है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन एनआईटी आदित्यपुर (जमशेदपुर) के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पांच स्कूलों—डीएवी गुवा, डीएवी चिड़िया, डीएवी झींकपानी, डीएवी नोवामुंडी और एनआईटी आदित्यपुर—के लगभग 185 शिक्षक शामिल हुए।
शिक्षक का मानसिक रूप से स्वस्थ होना समाज के विकास के लिए अनिवार्य: रेखा कुमारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सहायक रीजनल ऑफिसर (ARO) सुश्री रेखा कुमारी ने मेंटल हेल्थ (मानसिक स्वास्थ्य) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि डीएवी संस्था अपने उत्कृष्ट प्रबंधन के माध्यम से शिक्षकों को बेहतर अध्यापन के लिए निरंतर प्रेरित करती है।
सुश्री रेखा कुमारी ने प्रेरक कविताओं और तथ्यों के माध्यम से स्पष्ट किया कि वर्तमान परिवेश में शिक्षक और अभिभावकों दोनों के लिए मानसिक स्वास्थ्य अनिवार्य है। उन्होंने कहा:
“अगर दिमाग अच्छा है तो इच्छा शक्ति मजबूत होगी, जिससे शारीरिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। सकारात्मक सोच से ही मन को नियंत्रित किया जा सकता है।”
उन्होंने भूटान, फिनलैंड और भारतीयों में खुश रहने की क्षमता की तुलना करते हुए बताया कि दूसरों की खुशी देखकर दुखी होने की प्रवृत्ति से बचना चाहिए।
आधुनिक शिक्षा और शिक्षकों की जिम्मेदारी
एआरओ ने स्पष्ट किया कि आज के बच्चों का ज्ञान का स्तर पहले की तुलना में कहीं अधिक है। इसलिए, शिक्षकों को प्रभावशाली शिक्षा देने के लिए अपनी शिक्षण विधियों में प्रखरता लानी होगी। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों में ज्ञान को रूपांतरित करने और उन्हें समझाने की कला में निपुण होने का मार्गदर्शन दिया।
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विषयवार प्रशिक्षण
12 मई 2026 को कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न विषयों के शिक्षकों को अलग-अलग कक्षाओं में वर्गीकृत किया गया। एक्सपर्ट मास्टर ट्रेनर्स ने शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का गहन प्रशिक्षण दिया, जिसे सभी ने शिक्षाप्रद और लाभदायक बताया।
इन दिग्गजों की देखरेख में संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यशाला की मॉनिटरिंग और अगुआई एआरओ रेखा कुमारी के साथ देवेन्द्र कु पाणिनि (डीएवी चिड़िया), विवेकानंद घोष (डीएवी झींकपानी), और शशि कला (डीएवी नोवामुंडी) ने की। कार्यक्रम के सफल संचालन में डीएवी एनआईटी आदित्यपुर के शिक्षकों का प्रमुख योगदान रहा।
उपस्थित शिक्षक: इस अवसर पर इन्द्रजीत गाँधी, कौसिक चटर्जी, अशोक कुंटिया, अभय कु सिन्हा, सुधा रानी, श्रुति शर्मा, संदीप पात्रा, राकेश कुमार मिश्रा, समीर कु प्रधान, श्रवण कु पाण्डेय, जय मंगल साव, पुष्पांजलि नायक, अनिरुद्ध दत्ता, अंजन सेन, रंजना प्रसाद, प्रिया कु गुप्ता, योगेश कु महतों, उत्कर्ष शर्मा, विकास कु मिश्रा, ज्योति गिरी, विवेकानंद कुंडू, सुष्मिता महतो, पम्मी कुमारी, देवब्रत चक्रवर्ती, पंकज रोहतिगी, प्रीति कुमारी, राँबिनी अधिकारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।


