उदित वाणी, जमशेदपुर: 10 मई 2026 आगामी 76वीं जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड का परचम लहराने के लिए राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आगाज़ आज KPS कदमा में हुआ। यह विशेष शिविर 10 मई से 17 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसमें राज्य भर से आए चुनिंदा खिलाड़ी पसीना बहा रहे हैं।
पांडिचेरी में होगा राष्ट्रीय मुकाबला, 24 खिलाड़ियों का होगा अंतिम चयन
बता दें कि 76वीं जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 22 से 29 मई 2026 तक पांडिचेरी में होना है। वर्तमान शिविर में कुल 20 बालक एवं 20 बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अभ्यास सत्र के अंत में उनके प्रदर्शन के आधार पर 12 बालिका एवं 12 बालक खिलाड़ियों की अंतिम टीम चुनी जाएगी। यह चयनित टीम 17 मई 2026 को पांडिचेरी के लिए रवाना होगी।
जेपी सिंह के मार्गदर्शन में निखर रही प्रतिभा
झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के मानद सचिव श्री J.P. सिंह स्वयं इस शिविर में खिलाड़ियों को तकनीकी बारीकियां सिखा रहे हैं। वे खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक मार्गदर्शन दे रहे हैं।
दिग्गजों की उपस्थिति में उत्साहवर्धन
शिविर के पहले दिन खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हरभजन सिंह, कोषाध्यक्ष श्री प्रदीप मुखर्जी, समाजसेवी एवं मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर श्री मुख्तार आलम खान, टेक्निकल हेड श्री आरिफ आफताब, कार्यकारी सदस्य सुश्री सुप्रिया करण एवं सदस्य श्री अजहर खान उपस्थित रहे।
एसोसिएशन ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है कि इस गहन प्रशिक्षण शिविर से न केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन होगा, बल्कि जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व भी बेहद मजबूत रहेगा।


