उदित वाणी, पटमदा : पटमदा के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत दुबराजपुर गांव में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शनिवार को पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ चड़क पूजा एवं भोक्ता घूरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा और हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे.
रात्रि जागरण और भव्य छऊ नृत्य
इससे पूर्व शुक्रवार को महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर रात्रि में विधि-विधान से चड़क पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. रात्रि जागरण के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें बृंदावन कुमार एवं दुर्योधन महतो के छऊ नृत्य दल ने मनमोहक प्रस्तुति दी. दुबराजपुर सहित आसपास के गांवों से आए लोगों ने देर रात तक इस कलात्मक प्रस्तुति का आनंद लिया.
40 फीट ऊंचे खूंटे पर भोक्ता घूरा अनुष्ठान
शनिवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक पारंपरिक भोक्ता घूरा कार्यक्रम आयोजित हुआ. आयोजन समिति की ओर से तीन भोक्ता खूंटा गाड़े गए थे. इस दौरान हैरतअंगेज दृश्य देखने को मिला, जब काफी संख्या में श्रद्धालु अपनी पीठ में लोहे का अंकुश (हुक) लगाकर लगभग 40 फीट की ऊंचाई पर घूमते नजर आए. इस अद्भुत और पारंपरिक अनुष्ठान को देखने के लिए दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु पहुंचे.
आयोजन समिति का सराहनीय योगदान
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में बंकबिहारी महतो, गणेश प्रामाणिक, सतीश महतो, लालमोहन महतो, बलराम महतो, जगदीश महतो, हेमंत महतो, भक्तरंजन महतो, कार्तिक महतो एवं जुरू महतो समेत अन्य ग्रामीणों की मुख्य भूमिका रही.


