उदित वाणी जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को स्थित मिश्रा बगान शुक्रवार की शाम अचानक गोलियों की आवाज से गूंज उठा। बाइक और कारों की आवाजाही के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक वाहन पर सवार होकर पहुंचे दो अपराधियों ने इलाके में पहुंचते ही लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों और दुकानों में दुबक गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से तीन खोखा बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार मिश्रा बगान इलाके में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर अपराधियों ने शक्ति प्रदर्शन के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
जिस स्थान पर फायरिंग हुई, उसके समीप ही झामुमो का स्थानीय कार्यालय भी मौजूद है। ऐसे में राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले इलाके में हुई इस घटना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी की जा रही है।


