उदित वाणी,रांची: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने क्रिकेट के मैदान के बाद अब देश की अर्थव्यवस्था में योगदान देने के मामले में भी एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान धोनी झारखंड और बिहार दोनों राज्यों को मिलाकर सबसे अधिक व्यक्तिगत आयकर (Individual Taxpayer) जमा करने वाले व्यक्ति बन गए हैं.
इनकम टैक्स विभाग ने जारी किए आंकड़े
आयकर विभाग (बिहार-झारखंड) के प्रधान मुख्य आयुक्त डॉ. डी. सुधाकर राव ने गुरुवार को रांची में मीडिया को संबोधित करते हुए यह जानकारी साझा की. उन्होंने पुष्टि की कि धोनी ने इस वित्तीय वर्ष में व्यक्तिगत करदाताओं की सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है.
झारखंड से हुआ 12,000 करोड़ का टैक्स संग्रह
पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के अनुसार, सुधाकर राव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बिहार और झारखंड से कुल टैक्स संग्रह लगभग 20,000 करोड़ रुपये रहा. इसमें से अकेले झारखंड का योगदान 12,000 करोड़ रुपये रहा. झारखंड के इस विशाल योगदान में एम.एस. धोनी का व्यक्तिगत टैक्स एक प्रमुख हिस्सा है.
कॉर्पोरेट जगत में CCL और BCCL का दबदबा
डॉ. राव ने यह भी स्पष्ट किया कि जहाँ व्यक्तिगत श्रेणी में धोनी सबसे आगे रहे, वहीं कॉर्पोरेट (कंपनियों) की श्रेणी में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) जैसे सार्वजनिक उपक्रम सबसे बड़े टैक्सपेयर बनकर उभरे हैं. धोनी का लगातार झारखंड के सबसे बड़े करदाता बने रहना उनकी बढ़ती निवेश क्षमताओं और ब्रांड वैल्यू को दर्शाता है.


