उदित वाणी जमशेदपुर: रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों और बेतहाशा बढ़ती महंगाई के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को आर-पार की जंग का एलान कर दिया. जमशेदपुर उपायुक्त (DC) कार्यालय के समक्ष झामुमो कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा की.
विरोध का अनोखा अंदाज: दफ्तर के बाहर बनाई चाय
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से विरोध जताने के लिए सिर पर लकड़ी ढोई और DC ऑफिस के बाहर ही लकड़ी जलाकर चूल्हे पर चाय बनाई. कार्यकर्ताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि अब आम जनता को फिर से आदिम युग की तरह लकड़ी और चूल्हे पर निर्भर होना पड़ रहा है.

मध्यम वर्ग की कमर टूट चुकी है: कुणाल सारंगी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे झामुमो प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा: लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है. घरेलू गैस, दाल, तेल और रोजमर्रा की चीजों के दाम गरीब और मध्यम वर्ग की पहुंच से बाहर हो गए हैं. सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर मूकदर्शक बनी बैठी है.”
कीमतें कम करने की उठी मांग
झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में जल्द कमी नहीं की गई, तो यह आंदोलन और उग्र होगा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. इस कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे.


