उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर समाज में जड़ जमा चुकी कुप्रथा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के अनुसार, जुगसलाई के गढ़ाबासा निवासी युवक की शादी 17 मई 2025 को उत्तर प्रदेश की एक युवती के साथ शहर के एक होटल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई थी.
शादी के शुरुआती कुछ दिन सामान्य रहे, लेकिन आरोप है कि धीरे-धीरे ससुराल पक्ष का व्यवहार बदलने लगा. युवती ने अपने मायके वालों को बताया कि उससे अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही है और इसी को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. यह सिलसिला करीब छह महीने तक चलता रहा.
स्थिति बिगड़ने पर ससुराल पक्ष ने युवती को उसके मायके, उत्तर प्रदेश, छोड़ दिया. मामले को सुलझाने के लिए दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई, जिसमें यह सहमति बनी कि पति स्वयं जाकर पत्नी को वापस लाएगा. हालांकि तय समय बीत जाने के बावजूद जब वह नहीं पहुंचा, तो लड़की पक्ष के लोग बुधवार को जुगसलाई स्थित ससुराल पहुंचे.
वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि घर पर ताला लटका हुआ है. आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि पूरा परिवार घर छोड़कर कहीं चला गया है. इस घटना के बाद लड़की पक्ष में आक्रोश और निराशा का माहौल है. मामला अब जुगसलाई थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है और पीड़ित पक्ष न्याय की मांग कर रहा है.


