उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर की सांस्कृतिक फिज़ा में एक बार फिर कला और साहित्य का संगम होने जा रहा है। प्रतिष्ठित संस्था डैनफिट इंटरनेशनल और कैलिफोर्निया टेलीविजन ग्लोबल के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 24 मई 2026 (रविवार) को कदमा में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
गुरुदेव और विद्रोही कवि को समर्पित विशेष संध्या
यह आयोजन बंगाल की दो महान विभूतियों— विश्वकवि रवीन्द्रनाथ ठाकुर और विद्रोही कवि काज़ी नज़रुल इस्लाम की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। शाम 6:00 बजे से शुरू होने वाली इस “रवीन्द्र–नज़रुल जयंती बैठक़ी” में साहित्य, संगीत और नृत्य की त्रिवेणी बहेगी, जो दर्शकों को कला के एक नए अनुभव से रूबरू कराएगी।
कोलकाता के कलाकारों का सजेगा मंच
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शास्त्रीय और सुगम नृत्य की प्रस्तुतियाँ होंगी। इस अवसर पर कोलकाता से विशेष रूप से आमंत्रित प्रसिद्ध कलाकार देवलीना लाहिरी, अंशिका दास एवं धारित्री सिन्हा अपनी मनमोहक एकल नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी। आयोजन में रवीन्द्र नृत्य, नज़रुल नृत्य और काव्य पाठ का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
जमशेदपुर की प्रतिभा को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। इस भव्य आयोजन का प्रसारण कैलिफोर्निया टेलीविजन ग्लोबल के माध्यम से विश्व के 15 देशों में किया जाएगा। इससे न केवल जमशेदपुर की सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय कलाकारों को भी अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर मिलेगा।
सांस्कृतिक हस्तियों का होगा जमावड़ा
इस बैठक़ी में शहर के गणमान्य साहित्यकार, कलाकार और नृत्य प्रेमी शिरकत करेंगे। डैनफिट इंटरनेशनल का यह प्रयास शहर की कलात्मक विरासत को सहेजने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


