उदित वाणी, जमशेदपुर: लौहनगरी इन दिनों शातिर ठगों के निशाने पर है। पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों को चुनौती देते हुए अपराधियों ने जुगसलाई और साकची थाना क्षेत्र में दो सनसनीखेज ठगी की घटनाओं को अंजाम देकर लोगों में दहशत फैला दी है। दोनों मामलों में ठगों ने अलग-अलग रूप धारण कर करीब छह लाख रुपये के जेवर पर हाथ साफ कर दिया।
केस 1: जुगसलाई में ‘पुलिस’ बनकर बुजुर्ग को ठगा
पहली घटना जुगसलाई के वीर कुंवर सिंह चौक की है, जहां 70 वर्षीय अनिल नेव को ठगों ने अपना शिकार बनाया। रात के समय दुकान के बाहर खड़े अनिल के पास बाइक सवार दो युवक पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। शहर में बढ़ती अपराध घटनाओं का डर दिखाकर उन्होंने सुरक्षा के नाम पर अनिल से उनकी सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली। चालाकी से गहनों को कागज में लपेटने का नाटक कर ठग असली जेवर लेकर फरार हो गए, जबकि बुजुर्ग को नकली पुड़िया थमा दी।
केस 2: साकची बाजार में ‘साधु’ के वेश में लूट
दूसरी वारदात साकची बाजार में दिनदहाड़े हुई। केबुल टाउन निवासी मंजू देवी खरीदारी कर रही थीं, तभी साधु के वेश में एक व्यक्ति ने उनके बेटे पर संकट की बात कहकर उन्हें भयभीत कर दिया। कुछ ही देर में एक और व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर वहां पहुंचा और साधु की बातों को सही ठहराया। झांसे में आई महिला से ठगों ने मंत्र-तंत्र के नाम पर चेन और कान के टॉप्स उतरवा लिए और आंख बंद कर चलने को कहा। जब तक वह लौटीं, दोनों ठग गायब हो चुके थे।
‘ईरानी गैंग’ पर पुलिस को संदेह
पुलिस को इन घटनाओं के पीछे अंतरराज्यीय या तथाकथित ‘ईरानी गैंग’ का हाथ होने का संदेह है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर जेवर न उतारें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।


