उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के आवंटित मकानों की चाबी सौंपने के विवाद को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई. इस बैठक में 75 से अधिक लाभुक, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार और जुडको के प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार शामिल हुए.
31 मई की डेडलाइन और अनशन की चेतावनी
विधायक सरयू राय ने स्पष्ट किया कि यदि 31 मई तक सड़क, नाली और ड्रेनेज जैसे अधूरे काम पूरे नहीं हुए और लाभुकों को चाबी नहीं मिली, तो वे 1 जून से अनशन पर बैठ जाएंगे. उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने विभागीय मंत्री से मिलकर लाभुकों की समस्याओं को साझा किया है.
जुडको और जेएनएसी का पक्ष
जुडको के प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार ने जानकारी दी कि ड्रेन का टेंडर फाइनल हो चुका है और एक माह में काम पूरा हो जाएगा. वहीं, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि जब तक बुनियादी सुविधाएं पूरी नहीं होतीं, वे प्रोजेक्ट को हैंडओवर नहीं ले सकते. उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे अपने स्तर पर गृह प्रवेश का कोई निर्णय न लें, क्योंकि उद्घाटन की एक तय प्रक्रिया होती है.
भावुक हुए लाभुक: मीटर चार्ज पर भी विवाद
बैठक के दौरान कई महिला लाभुक रो पड़ीं और 8 साल के लंबे इंतजार पर अपना दुख व्यक्त किया. बैठक में बिजली मीटर कनेक्शन चार्ज में विसंगति का मुद्दा भी उठा. लाभुकों ने बताया कि जहां बोकारो में 1500 रुपये लिए जा रहे हैं, वहीं जमशेदपुर में 13,600 रुपये चार्ज किए जा रहे हैं. इस संबंध में सरयू राय ने बोकारो उपायुक्त से फोन पर जानकारी ली.


