उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की सतर्कता एक बार फिर रंग लाई है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने एक शातिर पैकेटमार को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद ताबीश मानगो के आजाद बस्ती का रहने वाला है, जबकि उसका स्थायी पता बिहार के गया जिले में बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, 2 मई 2026 को फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. इस वीडियो में टिकट काउंटर के पास भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने की कोशिश करता दिख रहा था. वीडियो सामने आते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल अलर्ट हो गए.
आरपीएफ टाटा और जीआरपी टाटा की संयुक्त टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी बढ़ाई. रविवार शाम को सघन तलाशी अभियान के दौरान आरोपी को स्टेशन परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी में उसके पास से एक चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है.
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी लंबे समय से स्टेशन के भीड़भाड़ वाले इलाकों—खासकर टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्म—पर सक्रिय था और यात्रियों को निशाना बनाता था. फिलहाल उसे रेल थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है, जहां उसके आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की जांच की जा रही है.
यह कार्रवाई “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत की गई, जिसका उद्देश्य स्टेशन परिसर में अपराध पर अंकुश लगाना है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है.


