उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उलीडीह थाना क्षेत्र में अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री का पर्दाफाश किया गया. सूचना थी कि गंगा अस्पताल के सामने स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट कॉलोनी, बजरंग बली मंदिर के समीप कुछ लोग नशे का कारोबार कर रहे हैं.
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई. टीम सोमवार की रात करीब 8:05 बजे मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया गया.
तलाशी के दौरान युवक के काले पजामे की जेब से सफेद प्लास्टिक पाउच में रखी 30 पुड़िया बरामद की गई. जांच में यह सभी पुड़िया ब्राउन शुगर की पाई गईं, जिसका कुल वजन 2.51 ग्राम बताया गया है.
गिरफ्तार युवक की पहचान मो. हसन अंसारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मानगो के आजाद बस्ती का निवासी है. इस मामले में उलीडीह थाना एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.


