उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कीताडीह ग्वाला पट्टी निवासी अजय दुबे (41) की सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा बर्मामाइंस स्थित लाल बिल्डिंग के पास उस समय हुआ, जब वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, सड़क पर अचानक आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में अजय दुबे अपनी बाइक का संतुलन खो बैठे। संतुलन बिगड़ते ही उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही गिर पड़े।
कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
परिजनों के अनुसार, अजय दुबे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े थे। सोमवार को ही वे चाकुलिया से ट्रेन के जरिए जमशेदपुर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वे बाइक से गोलमुरी अपने दोस्तों से मिलने गए थे। देर रात घर वापस आने के दौरान यह हादसा हो गया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।


