उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार चार युवकों ने एक निजी कार्यालय में घुसकर जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान न केवल कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई, बल्कि आरोपियों ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की.
बिना कारण कार्यालय में घुसकर उत्पात
घटना सिदगोड़ा में केनरा बैंक के पास स्थित एक ब्लैंकेट डिलीवरी कार्यालय की है. रात करीब 12 बजे चार युवक अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी स्पष्ट कारण के सीधे दफ्तर में घुस गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और कर्मचारियों के साथ मारपीट पर उतारू हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस टीम के साथ भी की हाथापाई
सूचना मिलते ही जब सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी युवक पुलिस से ही भिड़ गए. बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद चारों युवकों को हिरासत में लिया गया.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों का पता लगा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.


