उदित वाणी जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर मोबाइल चोर को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त कार्रवाई शनिवार, 02 मई को की गई, जिसमें आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू कुमार राव उर्फ गडजला के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधीनगर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उसने महाराष्ट्र के रहने वाले यात्री ऋषिकेश अशोक घोराडे का मोबाइल यात्रा के दौरान चुरा लिया था। मोबाइल चोरी की शिकायत मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त जांच शुरू की।
तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान चोरी का मोबाइल बरामद होने के बाद आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है। वह भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बनाता था। जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


