
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील ने विश्व इस्पात दिवस (Worldsteel Day for Safety and Health) के अवसर पर “गंभीर चोट और दुर्घटना की रोकथाम (Preventing Serious Injury and Fatality) विषय पर एक विशेष वेबिनार का आयोजन किया. कंपनी ने इस कार्यक्रम के माध्यम से अपने संचालन और पूरे मूल्य श्रृंखला में सुरक्षा और कर्मचारियों की भलाई के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया. वेबिनार में टाटा स्टील के कर्मचारियों और संविदा कार्यबल सहित 2,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया.
जोखिमों की शुरूआती पहचान जरूरी
वेबिनार को संबोधित करते हुए टाटा स्टील के सेफ्टी, हेल्थ एंड सस्टेनेबिलिटी के वाइस प्रेसिडेंट राजीव मंगल ने कहा कि गंभीर चोट या दुर्घटना के संभावित जोखिमों की शुरुआती पहचान करना और उन्हें रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाना बेहद जरूरी है. उन्होंने मजबूत देखभाल की संस्कृति विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि अच्छी सुरक्षा प्रथाएं न केवल व्यवसाय को मजबूत बनाती हैं, बल्कि कार्यबल को भी प्रेरित और प्रोत्साहित करती हैं. सत्र के दौरान समय पर घटना रिपोर्टिंग, त्वरित चिकित्सा सहायता और कारणों व परिणामों की बिना किसी छिपाव के पारदर्शी रिपोर्टिंग पर विशेष बल दिया गया.
सुरक्षा मानकों को मजबूत बनाने पर जोर
वेबिनार में पूरे इकोसिस्टम में सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई. इसमें वेंडर स्टार रेटिंग को प्रगतिशील रूप से बढ़ाने, चार और पांच स्टार वाले वेंडर्स की संख्या बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) अपनाने और सहयोगी कंपनियों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप लाने जैसे विषय शामिल रहे. यह वेबिनार टाटा स्टील द्वारा सुरक्षा उत्कृष्टता की संस्कृति को मजबूत करने और अपने सभी परिचालन क्षेत्रों में जिम्मेदार व्यावसायिक प्रथाओं को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है.

