
उदित वाणी झारखंड: मानगो अंचल अंतर्गत देवघर पंचायत मंडप में मंगलवार को मुखिया शशि सिंह सरदार की अध्यक्षता में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि क्षेत्र के बाहर से आने वाले कुछ लोग बेवजह आरोप लगाकर स्थानीय लोगों की बाउंड्री तोड़ रहे हैं, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। इस पर सभी ने एकजुट होकर समाधान की दिशा में कदम उठाने की आवश्यकता जताई.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायत के नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत इस ग्रुप में साझा की जाएगी, ताकि पंचायत के जिम्मेदार लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाल सकें। साथ ही, ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी दी जाएगी। मौके पर ग्राम प्रधान घासीराम सिंह सरदार, उप मुखिया सिमंत गौड़, पूर्व जिला पार्षद पिंटू दत्ता, पूर्व पंसस कड़ाकर गौड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में पहुंचे एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि किसी भी सूचना पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी.

