
उदित वाणी पटमदा : एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र सौविक नाग को विद्यालय परिवार की ओर से सोमवार को सम्मानित किया गया। सौविक ने 95.6% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
इस विशेष अवसर पर सौविक नाग के साथ उनके पिता सुभाष रंजन नाग, जो विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के उपाध्यक्ष भी हैं, को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने दोनों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं पोषक क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की और सौविक को भविष्य में आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि सौविक की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस सफलता में उनके पिता सुभाष रंजन नाग का मार्गदर्शन और विद्यालय के प्रति उनका समर्पण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

