
उदित वाणी,आदित्यपुर: आदित्यपुर_02 स्थित जागृति मैदान में रविवार की शाम संपन्न हुई स्थानीय नागरिकों, युवाओं और खेल प्रेमियों की बैठक में जागृति मैदान को बचाने की आवाज बुलंद की गई. बैठक में नगर निगम द्वारा जागृति मैदान में कार्यालय निर्माण के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया गया. बैठक में बताया गया कि यह मैदान वर्षों से बच्चों और युवाओं के खेलकूद, शारीरिक गतिविधियों तथा सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहा है.
प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे यहां अभ्यास करते हैं, ऐसे में मैदान समाप्त होने से उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ेगा. बैठक में यह भी कहा गया कि खुले स्थान और हरित क्षेत्र की कमी से पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होगा. जागृति युवा संघ द्वारा यहां प्रतिवर्ष काली पूजा और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है.
बैठक में नगर निगम कार्यालय के निर्माण के प्रस्ताव को तत्काल निरस्त कर जागृति मैदान को स्थायी खेल मैदान के रूप में संरक्षित करने तथा नगर निगम कार्यालय निर्माण के लिए वैकल्पिक स्थल का चयन करने की मांग भी की गई. इस अवसर पर आदित्यपुर क्रिकेट अकादमी के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत, अनिल कुमार सिंह, अधिवक्ता संतोष सिंह, नगर निगम की पार्षद अर्चना सिंह, पार्षद रिंकी कुमारी, सतीश शर्मा, अभय झा, संगीता सामड, मंजू सिंह, पार्षद मोतीलाल बिसोई, पार्षद रामप्रसाद मुखी, पार्षद सुनीता बेरा, योगेंद्र ठाकुर, धनंजय, सुमन झा, विद्यानंद झा, अरविंद सिंह, केश्वर मिश्रा आदि उपस्थित थे.

