
उदित वाणी, पटमदा : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को देखते हुए झारखंड-बंगाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. गुरुवार को जंगल महल क्षेत्र की सभी 40 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में पुलिस पूरी तरह चौकस नजर आई.
बोड़ाम क्षेत्र में 5 स्थानों पर बने विशेष चेक नाके
जिला प्रशासन के सख्त निर्देशों के बाद बोड़ाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण रास्तों पर किलेबंदी कर दी गई है. अवैध गतिविधियों और चुनाव को प्रभावित करने वाली सामग्रियों की आवाजाही रोकने के लिए बड़ासुसनी, रसिकनगर, दुबराजपुर, बनडीह और पोखरिया में कुल पांच विशेष चेक नाके स्थापित किए गए. इन स्थानों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा हर आने-जाने वाले वाहन और राहगीर की सघन तलाशी ली गई.
ग्रामीण एसपी ने खुद संभाली कमान
मतदान से ठीक एक दिन पहले बुधवार को ग्रामीण एसपी ने स्वयं इन सभी चेक नाकों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों और जवानों को चौबीसों घंटे अलर्ट रहने की हिदायत दी. एसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान सीमा पार होने वाली किसी भी हलचल पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि शांतिपूर्ण मतदान में कोई बाधा न आए.
जंगल महल की सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न
देर शाम तक मिली जानकारी के अनुसार, जंगल महल क्षेत्र की 40 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. पटमदा और बोड़ाम के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की सक्रियता के कारण किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. ग्रामीण एसपी के दिशा-निर्देशों के बाद जवानों ने चुनाव खत्म होने तक पूरी मुस्तैदी दिखाई और सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं बरती गई.

