
उदित वाणी,चांडिल:सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। विशेषकर राष्ट्रीय उच्च पथ पर बढ़ती दुर्घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं। बीते एक सप्ताह में दर्जनों सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें चार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
ताजा मामला बुधवार तड़के करीब 4 बजे का है, जब दो बड़े मालवाहक वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आंध्र प्रदेश से आ रही गाड़ी का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारु कराया। लगातार हो रही घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

