
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र स्थित तुरामडीह के समीप गुरुवार सुबह एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय बेबी सोरेन के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेबी सोरेन की शादी महज चार महीने पहले चाईबासा निवासी युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। वह मूल रूप से सरायकेला जिले के दुधी गांव की रहने वाली थी। मृतका की मां ने बताया कि बेबी दो दिन पहले सरायकेला से जमशेदपुर के करनडीह स्थित अपनी एक सहेली के घर आई थी।
बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से रोज सुबह कहीं बाहर जा रही थी। गुरुवार सुबह भी वह अपनी सहेली निकिता को यह कहकर घर से निकली थी कि वह बागबेड़ा स्थित अपने मामा के घर जा रही है। इसी दौरान कुछ समय बाद तुरामडीह के पास उसका शव मिलने की खबर सामने आई।
घटना को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह आत्महत्या है, हादसा या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

