
उदित वाणी, रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि महिला आरक्षण के नाम पर देश की आधी आबादी के साथ ‘धोखा’ किया जा रहा है। कांग्रेस भवन में रविवार को आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए।
जनगणना और परिसीमन का बहाना छोड़ 2029 से लागू हो आरक्षण
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि मोदी-शाह की जोड़ी महिला आरक्षण को 2011 की जनगणना और परिसीमन की उलझनों में फंसाकर इसे लटकाना चाहती है। उन्होंने सरकार को चुनौती दी कि यदि नीयत साफ है, तो जनगणना का बहाना छोड़े और 2029 के आम चुनाव में ही वर्तमान 543 सीटों पर 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का विधेयक पेश करें। विपक्ष इसका पूर्ण समर्थन करेगा।
एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण में कटौती का डर: प्रदीप यादव
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनगणना से इसलिए भाग रही है क्योंकि इससे पिछड़े और शोषित वर्गों की वास्तविक संख्या सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार परिसीमन का सहारा लेकर एसटी, एससी, ओबीसी और अल्पसंख्यक महिलाओं के आरक्षण में कटौती करने की साजिश रच रही है, जिसे विपक्ष अब बेनकाब कर चुका है।
विपक्ष ने डिकोड किया भाजपा का ‘अंकगणित’
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आगामी चुनावों के लिए भाजपा ने जो राजनैतिक अंकगणित सेट किया था, उसे विपक्ष ने पूरी तरह डिकोड कर दिया है। यही कारण है कि भाजपा तिलमिलाई हुई है। वहीं, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने घोषणा की कि इस राजनैतिक साजिश के खिलाफ कांग्रेस झारखंड के हर जिले में आंदोलन चलाकर जनता को जागरूक करेगी।

