
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिला महासचिव दिनेश महतो ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर गोलमुरी-सह-जुगसलाई अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने म्यूटेशन (नामांतरण) प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी कर किसी को अनैतिक लाभ पहुँचाने की शिकायत दर्ज कराई है।
एक केस नंबर और दो अलग-अलग मौजा: म्यूटेशन में भारी अनियमितता का दावा
शिकायत के अनुसार, म्यूटेशन केस संख्या 862/2025-2026 के तहत जुगसलाई मौजा की जमीन में कई अनियमितताएं पाई गई हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसी एक केस नंबर पर जुगसलाई के साथ-साथ बड़ा गोविन्दपुर मौजा की जमीन (खाता संख्या-8, प्लॉट संख्या-901, रकवा-6.61 डिसमिल) का भी नामांतरण कर दिया गया है। दिनेश महतो के अनुसार, एक ही केस नंबर पर दो अलग मौजा की जमीन का नामांतरण होना किसी बड़ी साजिश या प्रशासनिक त्रुटि की ओर इशारा करता है।
CNT एक्ट की जमीन और गलत खाता संख्या का मामला
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि:
जुगसलाई मौजा की जमीन का म्यूटेशन खाता संख्या 94 दर्शाकर किया गया, जबकि वास्तविक खाता संख्या 61 है।जमीन की खतियानधारी निरोधा महताईन हैं, जिनकी जमीन सीएनटी (CNT) एक्ट के दायरे में आती है।नियमों को ताक पर रखकर इस जमीन का नामांतरण जुरक जैन संघ श्वेताम्बर, जमशेदपुर के नाम पर कर दिया गया।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
दिनेश महतो ने बताया कि इस विवादित म्यूटेशन के आधार पर लगान रसीद भी काट दी गई है, जो पूरी प्रक्रिया को संदिग्ध बनाती है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि नामांतरण वाद और लगान रसीद की छायाप्रतियों के आधार पर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

