
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक होनहार बीटेक छात्र ने आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण आत्मघाती कदम उठा लिया. कदमा के रामनगर रोड नंबर-7 निवासी 23 वर्षीय अंकित शर्मा ने गुरुवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है.
बहन के बुलाने पर नहीं खुला दरवाजा, खिड़की से दिखी भयावह तस्वीर
अंकित अपनी बहन के साथ कदमा में रहता था. जानकारी के अनुसार, उसकी माँ की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनका इलाज रांची में चल रहा है. गुरुवार की रात जब अंकित की बहन उसे भोजन के लिए बुलाने गई, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो बहन को अनहोनी की आशंका हुई. जब उसने खिड़की से झाँक कर देखा, तो अंकित को फंदे से लटका पाया.
शेयर मार्केट में नुकसान बना मौत का कारण
परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, अंकित पिछले कुछ समय से शेयर मार्केट में सक्रिय था और निवेश कर रहा था. बताया जा रहा है कि हाल ही में उसे स्टॉक मार्केट में करीब 4 से 5 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ था. इस आर्थिक झटके को अंकित सहन नहीं कर पाया और गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में चला गया. आशंका जताई जा रही है कि इसी भारी नुकसान और कर्ज के दबाव के कारण उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
TMH में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंकित को नीचे उतारा गया और तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुक्रवार को कदमा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस ने इस मामले में यूडी (अस्वाभाविक मृत्यु) केस दर्ज कर लिया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

