
उदित वाणी, जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप गंभीर समस्या बन गया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि सुरक्षाकर्मियों को दूसरों की सुरक्षा से ज्यादा अपनी ही सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
भीषण गर्मी के बीच मानगो नगर निगम क्षेत्र में स्थित इस अस्पताल परिसर में एक बार भी फॉगिंग नहीं होने से मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल के अंदर वार्ड से लेकर मुख्य द्वार तक हर जगह एक जैसी स्थिति बनी हुई है।
इस संबंध में होमगार्ड इंचार्ज योगेंद्र शर्मा ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन को लिखित आवेदन देकर मच्छरों से राहत दिलाने की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो सुरक्षाकर्मी भी बीमार पड़ सकते हैं। अब देखना यह है कि अस्पताल प्रबंधन और नगर निगम इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करते हैं।

