
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो गोलचक्कर के पास बुधवार दोपहर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज धमाके के साथ एक ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई. विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम उठे और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. उठती लपटों ने नजदीकी बिजली के तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरा इलाका घने धुएं से भर गया.
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. हालांकि दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंच सकी, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया.
इस हादसे के कारण आसपास के कई घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. बावजूद इसके, जिस तरह से आग ने तेजी से विकराल रूप लिया, उससे एक बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी. समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली.

