
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए झोलाछाप डॉक्टर की आड़ में चल रहे अवैध नशे के कारोबार का पर्दाफाश किया है. 14 अप्रैल को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गौरी शंकर रोड स्थित पटनहिया मोहल्ला में एक व्यक्ति युवाओं को नशे के लिए प्रतिबंधित दवाइयाँ बेच रहा है.
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर जुगसलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किराये के मकान में छापेमारी की, जहां से मो. मुमताज अहमद (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयाँ बरामद की गईं, जिनमें 74 बोतल ट्राइम ब्रॉनकॉफ – सी सिरप और 770 टैबलेट निटकोर – 10 शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, बरामद सिरप में कोडीन फॉस्फेट और टैबलेट में नाइट्राजेपाम जैसे नशीले तत्व पाए गए, जिनका दुरुपयोग कर युवाओं में नशे की लत बढ़ाई जा रही थी. आरोपी इन दवाइयों की अवैध खरीद-बिक्री कर रहा था.
इस मामले में जुगसलाई थाना में एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. इस कार्रवाई से इलाके में अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है.

