
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में चाय दुकान संचालिका पर हुए सनसनीखेज हमले के मामले में एक अहम प्रगति सामने आई है. मामले के नामजद आरोपी प्रेम कुमार ने बुधवार को जमशेदपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. उसने अपने अधिवक्ताओं गौरव पाठक और साकेत सुमन के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर किया, जिसके बाद न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.
गौरतलब है कि 6 अप्रैल की रात जमशेदपुर हाई स्कूल के समीप स्थित बजरंग चाय दुकान पर कुछ युवकों ने हंगामा किया था. विवाद के दौरान दुकान की संचालिका मेंहदी कुमारी पर गर्म चाय फेंक दी गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं. घटना ने इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया था और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई थी.
इस मामले में पीड़िता के भाई अंकित कुमार ने बिष्टुपुर थाना में अभय तिवारी, सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. हालांकि, घटना के छह दिन बाद तक पुलिस द्वारा केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी ही हो सकी थी, जिससे आम जनता में नाराजगी देखी जा रही थी.
इधर, प्रेम कुमार के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है. वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव लगातार बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और अपराधियों में भय कायम हो.

