
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया. 14 अप्रैल को मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी निवासी आफताब आलम (46 वर्ष) ने बर्मामाइंस थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने खुद को “अग्नि पाठक” बताकर फोन के माध्यम से 2.5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक एवं डीएसपी सिटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित छापेमारी करते हुए आरोपी आकाश कुमार पाठक उर्फ अग्नि पाठक (27 वर्ष) को बर्मामाइंस स्थित स्टार टॉकीज के पास उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह ट्रेन से भागने की फिराक में था.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसके पास से रंगदारी मांगने में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया है. साथ ही वसूले गए 10,000 रुपये में से 3,570 रुपये भी पुलिस ने जब्त किए हैं.
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ मारपीट, रंगदारी, फायरिंग और एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले पहले से दर्ज हैं. हाल ही में 16 फरवरी को जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दी थीं. पुलिस अब मामले की आगे की जांच में जुटी है.

