
उदित वाणी, गुवा : हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोचड़ा गांव में मंगलवार शाम एक युवक सांप के काटने से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान कोचड़ा निवासी मोहन पुर्ति के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है जब मोहन घर के पास स्थित तालाब में नहाने गया था.
युवक ने साहस दिखाकर सांप को मारा
बताया जा रहा है कि जब मोहन नहाकर तालाब से वापस घर लौट रहा था, तभी एक जहरीले सांप ने अचानक उसके पैर पर हमला कर दिया. सांप ने मोहन के पैर को कुछ देर तक जकड़ लिया था. ऐसी स्थिति में भी युवक ने धैर्य नहीं खोया और अदम्य साहस का परिचय देते हुए सांप को पकड़कर मार दिया और वहीं फेंक दिया.
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
घटना के कुछ देर बाद ही मोहन की तबीयत बिगड़ने लगी और जहर का असर शरीर पर दिखने लगा. परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आनन-फानन में उसे रात लगभग 9:30 बजे जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया.
चिकित्सकों ने कहा- अब खतरे से बाहर है युवक
जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सक द्वारा मोहन का तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया गया. चिकित्सकों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुँचने और त्वरित इलाज मिलने की वजह से युवक की हालत में तेजी से सुधार हुआ है. फिलहाल मोहन पुर्ति खतरे से बाहर है.

