
उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी में भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव को लेकर विप्र समाज में भारी उत्साह है. आगामी 19 अप्रैल 2026 को बागबेड़ा स्थित ब्राह्मण भवन में भव्य ‘ब्राह्मण संगोष्ठी सह महाप्रसाद’ का आयोजन किया जाएगा. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शहर भर से हजारों की संख्या में विप्र समाज के लोगों के जुटने की संभावना है.
एकजुटता और वैदिक परंपराओं पर जोर
आयोजन समिति के प्रमुख कमलकिशोर ने बताया कि इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज की एकजुटता को सुदृढ़ करना और युवा पीढ़ी को अपनी वैदिक परंपराओं व सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित होकर अपनी पहचान और शक्ति को प्रस्तुत करने की आवश्यकता है.
प्रतिमा स्थापना बनेगा विशेष आकर्षण
इस वर्ष का जन्मोत्सव विशेष रूप से महत्वपूर्ण होने जा रहा है क्योंकि ब्राह्मण भवन में भगवान श्री परशुराम जी की भव्य प्रतिमा की स्थापना भी की जा रही है. इसी उपलक्ष्य में समिति द्वारा व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है ताकि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का एक मजबूत संदेश पूरे राज्य में जाए.
विप्र बंधुओं से शामिल होने का आह्वान
समिति ने सभी ब्राह्मणों से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मुख्य रूप से:
डी के मिश्रा, हरेंद्र मिश्रा, ओमप्रकाश उपाध्याय
नकुल तिवारी, रक्कू पांडेय, विमलेश उपाध्याय
अजय ओझा, वेद उपाध्याय, उदय मिश्रा
रामनाथ दुबे, पवन ओझा, आनंदी ओझा, राजेश ओझा
संजय ओझा, अशोक राय, राजेश पांडेय, अप्पू तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे.

