
उदित वाणी, जमशेदपुर : खालसा साजना दिवस और पावन बैसाखी के शुभ अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने विभिन्न गुरुद्वारों का भ्रमण कर मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान उन्होंने साकची और बिरसानगर स्थित गुरुद्वारों में देश एवं समाज की सुख-समृद्धि के लिए अरदास की.
दशमेश पिता के अमर संदेश का स्मरण
अमरप्रीत सिंह काले ने दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह जी के अमर संदेश “खालसा मेरो रूप है खास – खालसा में मैं करो निवास” का स्मरण किया. उन्होंने कहा कि खालसा पंथ त्याग, सेवा, साहस और मानवता की रक्षा का प्रतीक है. यह पंथ आज भी समाज को सही मार्ग पर चलने और दीन-दुखियों की सेवा के लिए प्रेरित करता है.
रक्तदान शिविर और लंगर सेवा
श्री काले बिरसानगर जोन नं. 7 स्थित दशमेश प्रकाश गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल हुए. उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने के बाद लंगर छका और सेवा कार्यों का हिस्सा बने. रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए उन्होंने इसे मानवता की सबसे बड़ी सेवा करार दिया.
मानवता और एकता का संदेश
रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए श्री काले ने कहा, “रक्तदान केवल एक सेवा नहीं, बल्कि मानव जीवन को बचाने का सबसे महान माध्यम है. समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस महादान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए.” उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में एकता और परोपकार की भावना को मजबूत करते हैं, जो एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक हैं.

