
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के रवि कुमार ने मंगलवार को जमशेदपुर के पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण व एसआईआर (SIR) से संबंधित तैयारियों की गहन समीक्षा की.
कोई भी पात्र नागरिक न छूटे: सीईओ
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ (BLO) को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसे लक्ष्य बनाकर कार्य करें. उन्होंने बताया कि वर्तमान में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर जानकारी वाले स्टीकर लगाने का कार्य किया जा रहा है. इस प्रक्रिया के दौरान उन घरों को भी ‘नोशनल नंबर’ दिए जा रहे हैं, जिनकी पहले से कोई मकान संख्या नहीं है, ताकि हर घर की सटीक मैपिंग सुनिश्चित की जा सके.

मैपिंग और एएसडी सूची पर विशेष जोर
के रवि कुमार ने कहा कि डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान वैसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाए जिनकी मैपिंग अब तक नहीं हुई है. उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि:
• एएसडी (ASD) सूची: अनुपस्थित (Absent), शिफ्टेड (Shifted) और मृत (Death) मतदाताओं के साथ-साथ डुप्लीकेट नामों की सूची नियमानुसार तैयार करें.
• अभिप्रमाणन: इस सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 (BLA-2) से अनिवार्य रूप से अभिप्रमाणित कराया जाए.
धरातल पर जाकर तथ्यों का मिलान
सीईओ ने जमशेदपुर पूर्व (विधानसभा क्षेत्र 48) के मतदान केंद्र संख्या 98 व 99 और जमशेदपुर पश्चिम (विधानसभा क्षेत्र 49) के मतदान केंद्र संख्या 120 व 121 का निरीक्षण किया. उन्होंने न केवल बीएलओ रजिस्टर और नजरी नक्शा देखा, बल्कि खुद कुछ घरों में जाकर मतदाताओं से बात की और बीएलओ द्वारा रजिस्टर में दर्ज तथ्यों का सत्यापन किया.
समीक्षा बैठक में उपस्थिति: इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) और उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे.

