
आदित्यपुर (का.प्र.): विहंगम योग संत समाज के सौजन्य से प्रचार-प्रसार-प्रयास के तहत रविवार को झींकपानी स्थित नवोदय विद्यालय के प्रांगण में यजमान राजन शर्मा एवं ऋतु शर्मा द्वारा विहंगम योग एक कुण्डीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ आहूत किया गया. आयोजन की अध्यक्षता जिला युवा प्रमुख नीरज मिश्रा ने तथा संचालन वैदिक मंत्रोचारण से पुरोहित महावीर विद्यार्थी ने किया.
प्रवचनकर्ता वरिष्ठ प्रचारक सह उपदेष्टा पंडित योगेन्द्र नाथ पाण्डेय एवं जिला संयोजक अवधेश कुमार के आध्यात्मिक अनुभवों से सभी उपस्थित जिज्ञासु लाभान्वित हुए. उन्होंने सदगुरु महिमा का बखान करते हुए बताया कि इस संसार में परम सुख शांति का माध्यम सदगुरु होता है, और विहंगम योग के क्रियात्मक अभ्यास पद्धति से आप अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं. वहीं, यज्ञ में उपस्थित विद्यालय के यूडीसी प्रेम निवास को विश्व का अद्वितीय आध्यात्मिक सद्ग्रंथ “स्वर्वेद” प्रदान किया गया. इस अवसर पर उपदेष्टा आशा पाण्डेय, पूर्व जिला महिला प्रमुख निर्मला मिश्रा, चाईबासा जिला प्रमुख संयोजक बसंत कुमार महतो, जिला युवा प्रमुख नीरज मिश्रा, शिक्षक जयद्रथ महतो, नंदला सिंह, राजेश शर्मा एवं विद्यालय के सदस्यगण उपस्थित थे.

