
उदित वाणी,जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में एनएच-33 स्थित मिनी पंजाब होटल के पास शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तीन युवकों ने बारातियों से भरी एक कार पर हमला कर दिया। घटना में कार में सवार महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार, मानगो के चेपापुल से एक बारात धालभूमगढ़ की ओर जा रही थी। बारातियों से भरी बस जैसे ही मिनी पंजाब होटल के पास पहुंची, तीन युवक उसमें जबरन चढ़ने का प्रयास करने लगे। बस में मौजूद लोगों ने इसका विरोध करते हुए उन्हें उतरने को कहा। इस बात से नाराज युवकों ने बदले की भावना से पीछे आ रही कार को निशाना बना लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने कार पर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान कार में बैठी महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ हाथापाई की गई। अचानक हुई इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया।
हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक आरोपी युवक को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए युवक को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उसे थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

