
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोशलिस्ट यूनिट सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के कार्यकर्ताओं ने आज उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर शहर की बिगड़ती नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि Mango Flyover का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे लोगों को जाम और खराब सड़कों की समस्या झेलनी पड़ रही है।
इसके अलावा गैर-टिस्को क्षेत्रों में कचरा उठाव, गंदगी, मच्छरों का बढ़ता प्रकोप और जल निकासी की समस्या को भी गंभीर बताया गया।
पार्टी ने आवारा कुत्तों और सांडों के आतंक, पार्किंग वसूली में अनियमितता, स्मार्ट मीटर का दबाव, टाटा मेन अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा, बागबेड़ा जलापूर्ति योजना और मानगो में पानी की समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बताया।
साथ ही स्वर्णरेखा नदी में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए नदी में कचरा फेंकने पर रोक लगाने और दूषित मछलियों की बिक्री बंद कराने की मांग की गई।
एसयूसीआई ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान निकालने की अपील की है।

