
उदित वाणी, आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आशियाना रोड सालडीह बस्ती में हुए मंगलवार 7 अप्रैल 2026 को भाजपा नेता सपन दास के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. SP मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर SDPO के नेतृत्व में गठित SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार और स्कूटी भी बरामद की है. पुलिस ने आदित्यपुर थाना कांड सं0-95/26 के तहत BNS की धारा 109/3(5) और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
SP मुकेश कुमार लुणायत ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अपराधियों की मंशा इलाके में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलना था. इस घटना के जरिए भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई थी.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी वर्तमान में अलग-अलग जगहों पर किराये के मकानों में रह रहे थे:
• चंदन गोराई उर्फ चंदन बच्चा: मूल निवासी गालूडीह, वर्तमान में मांझी टोला बस्ती (सुशांत का किरायेदार)
• राजू कुम्हार उर्फ टकला: मूल निवासी नीमडीह, वर्तमान में सालडीह बस्ती (रवि नायक के घर में आवासित)
• प्रेम कुमार सिंह उर्फ जॉनी उर्फ प्रेम बच्चा: मूल निवासी नालंदा (बिहार), वर्तमान में कदमा, जमशेदपुर (अनिल शर्मा का किरायेदार)
हथियार और स्कूटी भी बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए निम्नलिखित सामान बरामद किए हैं:
• 01 देशी पिस्टल (घटना में प्रयुक्त)
• 04 जिंदा कारतूस (मैगजीन में लोड)
• स्कूटी (संख्या: JH05 CZ 8375)
गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास सामने आया
गिरफ्तार किए गए अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी पुलिस जांच में सामने आया है. इन सभी पर पूर्व में भी विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज रहे हैं.
चन्दन गोराई उर्फ चन्दन बच्चा का आपराधिक रिकॉर्ड:
चन्दन गोराई उर्फ चन्दन बच्चा के खिलाफ आदित्यपुर थाना कांड संख्या- 89/26, दिनांक 03 अप्रैल 2026 को धारा 109/115(2)/190/191(2)/191(3)/351(2) BNS के तहत मामला दर्ज है.
प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी उर्फ प्रेम बच्चा का रिकॉर्ड:
प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी उर्फ प्रेम बच्चा के खिलाफ भी आदित्यपुर थाना कांड संख्या- 89/26, दिनांक 03 अप्रैल 2026 को धारा 109/115(2)/190/191(2)/191(3)/351(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है.
राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला का आपराधिक इतिहास:
राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला के खिलाफ पहले से एक से अधिक मामले दर्ज हैं.
पहला मामला आदित्यपुर थाना कांड संख्या- 317/24, दिनांक 27 अगस्त 2024 का है, जिसमें धारा 109/49/61(2)/3(5) BNS एवं 25(1-b)a/26/27/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है.
इसके अलावा आदित्यपुर थाना कांड संख्या- 89/26, दिनांक 03 अप्रैल 2026 में भी धारा 109/115(2)/190/191(2)/191(3)/351(2) BNS के तहत इनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, इन सभी अपराधियों का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और हालिया कार्रवाई के बाद इनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
पुलिस टीम
पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर सरायकेला के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैयाँ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक बिनोद कुमार तिर्की, सुनिल कुमार सिंह, विनोद टुडू, राग कुमार सिंह, सतीश कुमार वर्णवाल और सशस्त्र बल शामिल थे.

