
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के सीएच एरिया स्थित झबरी बस्ती में बुधवार देर रात चोरी की एक कोशिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। रितेश अग्रवाल के घर में संदिग्ध गतिविधि महसूस होते ही डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को घर के कोने में छिपा पाया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लखन महली उर्फ राजेन्द्र महली उर्फ रवि महली उर्फ टाटा विइला बताया, जो रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र के भोजडीह का निवासी है। तलाशी में उसके पास से एक पिलास और छोटा पॉकेट टॉर्च बरामद हुआ, जो उसकी मंशा को स्पष्ट करता है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चोरी करने के उद्देश्य से घर में घुसा था। उसने यह भी कबूल किया कि वह पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह वर्ष 2025 में सोनारी क्षेत्र में स्कूटी चोरी और साईं मंदिर से मुकुट चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए क्षेत्र में लगातार गश्त की मांग की है।

