
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और पटमदा पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है.
गुप्त सूचना के आधार पर 4 अप्रैल को पुलिस ने दो शातिर चोरों को एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था. पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की. इसी क्रम में 8 अप्रैल को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई. साथ ही उनकी निशानदेही पर घर से दो अन्य बाइक भी जब्त की गईं. कुल मिलाकर पुलिस ने 5 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में मिथुन समद, बापी समद उर्फ ब्रह्मानंद समद, सुखदेव लोहरा और बसंती समद शामिल हैं. इनमें से कई के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के दर्जनों केस दर्ज हैं.
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह 8-10 सदस्यों का है, जो जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें पटमदा, बोड़ाम, मुसाबनी और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देते थे. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

