
उदित वाणी, रांची : रांची के हरिहर सिंह रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके पास से लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण, हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है.
पुलिस के मुताबिक, 7 अप्रैल की शाम करीब 6.45 बजे प्रीति ज्वेलर्स में लूट की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को अवगत कराया गया, जिसके बाद उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
पुलिस उपाधीक्षक (सदर) संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में बरियातु और सदर थाना पुलिस तथा तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण, पांच मोबाइल फोन, एक देशी पिस्टल, दो मैग्जीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिडीह जिले के सिहोडी निवासी आशुतोष कुमार, जमुआ थाना क्षेत्र के चचधरा निवासी महेश कुमार वर्मा और बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र निवासी मो. सिराज अंसारी उर्फ शेरू के रूप में हुई है.
पुलिस ने इस मामले में बरियातु थाना में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है. आशुतोष कुमार के खिलाफ गिरिडीह के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं, जबकि मो. सिराज अंसारी वर्ष 2023 में जेल जा चुका है. महेश कुमार वर्मा भी वर्ष 2021 में चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है.
(आईएएनएस)

