
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संभावित डकैती की घटना को होने से पहले ही विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गदड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय, भूमिज टोला में छापेमारी की, जहां कुछ संदिग्ध लोग आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रौशन सिंह उर्फ पाका, रौशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली और आजाद पाल उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ये सभी स्कूल परिसर में एकत्र होकर डकैती की साजिश रच रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्तौल, 7.65 एमएम के तीन जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान उनके कुछ अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना प्रभारी अविनाश कुमार के बयान पर कुल 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में शिव नारायण रजक, कौशल श्रीवास्तव, सौरभ सिंह, करण सिंह, अनूप बंगाली और राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा शामिल हैं।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। वहीं, गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके आपराधिक नेटवर्क और आगे की साजिशों का खुलासा किया जा सके।
पुलिस की इस तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई, जिससे इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

