
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेल खंड में बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, लेकिन इस दौरान तीन मवेशियों की जान चली गई। घटना सुंदरनगर रेलवे फाटक के पास सुबह करीब 11 बजे हुई, जब टाटानगर स्टेशन से बादामपहाड़ की ओर जा रही खाली कोच वाली ट्रेन ट्रैक पर मौजूद मवेशियों से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के पहुंचते ही अचानक तीन मवेशी पटरियों पर आ गए। लोको पायलट ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण टक्कर टाली नहीं जा सकी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया, जिससे रेलकर्मियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मवेशियों के शवों को ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।
इधर, ट्रेन रुकने और फाटक बंद रहने के कारण सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में मवेशियों को खुले में छोड़ना आम बात हो गई है। रेलवे प्रशासन ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को पटरियों के आसपास न छोड़ें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

