
जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब कब्रिस्तान के पास एक युवक पर हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल युवक की पहचान इजहार हुसैन उर्फ पकौड़ी के रूप में हुई है, जो हयातनगर रोड नंबर-5 का निवासी बताया जा रहा है। इजहार ने होश में आने के बाद बताया कि उस पर साजन मिश्रा, इरशाद, वसीम और तौसीफ उर्फ चिकना बच्चा समेत 10 से 12 युवकों ने हमला किया। सभी हमलावर कथित तौर पर डिमना बस्ती के रहने वाले हैं।
इजहार के अनुसार, हमलावरों ने उसे पहले घेरा और फिर दौड़ा-दौड़ाकर धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी का मामला है। इजहार ने बताया कि उसका दोस्त विक्की सिंह पहले से ही आरोपियों के निशाने पर था, और उसी रंजिश के चलते उसे टारगेट किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है। उलीडीह थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में घटना के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है।
