उदित वाणी, जमशेदपुर :साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब अग्रवाल बुक स्टोर के समीप एक सब्जी विक्रेता पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, शुभम नामक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते विक्रेता पर चापड़ से वार कर दिया। हमले की घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में भय का माहौल देखा गया। घायल सब्जी विक्रेता दर्द से कराहता रहा, जिसे तुरंत आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो इस हिंसक घटना में बदल गया।
फिलहाल घायल की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, वहीं पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा जताया है।


